साल में दूसरी बार यात्रा दरो में हुई बढ़ोत्तरी..!

नई दिल्ली: ट्रेन में सफर करना आज से महंगा हो गया है। रेल मंत्रालय ने गुरुवार को यात्री ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा की जो आज से लागू हो गई है। लंबी दूरी की यात्रा करने वालों के लिए किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है। 215 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर साधारण श्रेणी में यात्रा करने पर प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा लगेगा। हालांकि लोकल ट्रेनों और छोटी दूरी की यात्रा करने वालों के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इस बदलाव से रेलवे को चालू वित्त वर्ष में करीब 600 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है। यह इस साल यात्री किराए में दूसरी बार बढ़ोतरी है। इससे पहले जुलाई में भी किराए बढ़ाए गए थे।

इस लिए बढ़ा किराया..!
अधिकारियों का कहना है कि पिछले एक दशक में रेल नेटवर्क और संचालन में बड़ा विस्तार किया गया है। इसे देखते हुए किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है। रेलवे के संचालन की मांग बढ़ी है और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई गई है, जिससे खर्चों में वृद्धि हुई है।कर्मचारियों पर होने वाला खर्च बढ़कर 1.15 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि पेंशन का खर्च 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। साल 2024-25 के लिए कुल परिचालन लागत 2.63 लाख करोड़ रुपये रही।
इन ट्रेनों पर लागू होगी नई दरें
नई दरें प्रमुख ट्रेनों जैसे राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, गतिमान, अंत्योदय, महामना, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल और सामान्य गैर-सबर्बन सेवाओं पर लागू होंगी। एसी MEMU और DEMU सेवाओं पर यह लागू नहीं होगा।मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि नई दरें केवल 26 दिसंबर, 2025 को या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होंगी। यदि किसी ने इस तारीख से पहले टिकट बुक कर लिया है, तो उसे कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। रेलवे स्टेशनों पर किराए की सूची भी नई कीमतों के अनुसार अपडेट की जाएगी।रेल मंत्रालय का कहना है कि रेलवे सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती यात्रा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही वह अपने संचालन की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित कर रहा है।